जेवर। कस्बा जहांगीरपुर के एक व्यक्ति ने कस्बे के ही चार लोगों पर उसकी जमीन का फर्जीवाड़ा कर बेचने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। कस्बा जहांगीरपुर के मोहल्ला व्यापारियान निवासी मुबीन खां पुत्र यामीन खां ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मुबीन, नसीम, सलीम व नईम चार भाई है। वह कस्बा जहांगीरपुर में अपने पुश्तेनी मकान में रहता है, जबकि अन्य भाई खुर्जा व बुलंदशहर में रहते है, जो कभी कभी वहां आते हैं। मुबीन के घर का रकवा लगभग 450 वर्ग गज है। जिसमे दो सौ वर्ग गज में कमरे, बाथरूम, रसोई आदि बनी है, जबकि शेष भूमि पर पशुओं के लिए लडामनी, बोंगी, बिटोरे, चारा काटने की मशीन आदि बने है। आरोप है कि कस्बे के ही चमन, वहीद खां, आस मौहम्मद और मौहम्मद फरीद लगभग तीन माह पहले उनके घर आये और पीड़ित से सो वर्ग गज की भूमि खरीदने के लिए बोले। पीड़ित ने जमीन बेचने से मना कर दिया। आरोप है कि इसपर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरन भूमि छीनने की धमकी दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ित की सो वर्ग गज भूमि को चमन खां ने मालिक बन और फरीद व आस मौहम्मद ने गवाह बनकर वहीद खां को विक्रय कर दिया। जिसकी जानकारी पीड़ित को आस पडौस के लोगों से हुई। पीड़ित ने रजिस्ट्रार ऑफिस में जाकर बैनामे की सत्यापित नकल प्राप्त की तो, पीड़ित को धोखाधड़ी की जानकारी हुई। पीड़ित ने इसको लेकर जब आरोपियों से बात की, तो पीड़ित को आरोपियों ने डरा धमकाकर भगा दिया। इसके बाद पीड़ित ने फिर से इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसपर आरोपियों ने 2 दिसम्बर को पीड़ित के घर मे घुस मारपीट की और पीड़ित से कहा कि वह उनसे दो लाख रुपये ले ले और मकान खाली कर नही और ऐसा न करने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।






