ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-36 में हिंदू सम्मेलन समिति की तरफ से हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें हिंदू समाज के सांस्कृतिक, सामाजिक और धार्मिक एकजुटता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। समिति के अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया कि आसपास के सभी सेक्टरों से लगभग हर हिंदू परिवार के लोग इस कार्यक्रम में पहुँचे। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकजुटता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं और आने वाली पीढ़ियां हमारे हिंदू संस्कृति और परंपराओं के महत्व को समझेंगी। समिति के महासचिव एवं मीडिया प्रभारी अतुल आनंद सिंह ने बताया कि सुबह मातृशक्ति ने कलश उठाकर सेक्टर-36 मंदिर से यात्रा प्रारंभ की। इस यात्रा में गीत, भजन और भारतीय संस्कृति की झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने आसपास के क्षेत्र में एक आध्यात्मिक वातावरण उत्पन्न किया। सम्मेलन स्थल पर पहुँचने के बाद सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर हवन पूजा में भाग लिया।

मुख्य अतिथि बलवंत सिंह राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदू समाज के लिए एकजुट रहना और संस्कृति के मूल्यों को संजोना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी अगली पीढ़ी को भी धर्म, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की शिक्षा दें। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन समाज में भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम अध्यक्ष आचार्य रविकांत दीक्षित ने कहा कि हिंदू संस्कृति में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह धर्म, संस्कृति और समाज सेवा के मूल्यों को अपनाए। उन्होंने उपस्थित लोगों को समाज के कमजोर वर्गों की मदद और बच्चों के संस्कार पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बलराज हूड, सुरेश पचौरी, अजय भाटी, सूरत नागर, मुकेश चौधरी, अतुल आनंद सिंह, सुखराम वर्मा, देवेंद्र कसाना, रोशनी सिंह, ज्ञान सिंह, मोहित, सुजीत तिवारी, गौरव नागर, नीतीश, संजीव, मनोज, प्रमोद ठाकुर, विवेक राजपूत, श्याम रावत, अभिषेक, सत्येंद्र यादव, अर्चना शर्मा, रोशनी सिंह मौजूद रही।






