भविष्य के लिए तैयार और उद्योगोन्मुख प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए बेंगलुरु में किया गया सम्मानित
ग्रेटर नोएडा, 27 नवंबर । एनआईईटी बिजनेस स्कूल, ग्रेटर नोएडा को प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ETNow.in बिजनेस कॉन्क्लेव एवं अवॉर्ड्स 2026 – साउथ एडिशन में प्रतिष्ठित उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। संस्थान को यह पुरस्कार ‘भविष्य के लिए तैयार एवं उद्योगोन्मुख प्रबंधन शिक्षा में उत्कृष्टता’ श्रेणी में प्रदान किया गया।25 नवंबर को बेंगलुरु के ताज वेस्ट एंड में आयोजित समारोह में NIET बिजनेस स्कूल के निदेशक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने संस्थान की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त किया। यह आयोजन टाइम्स ग्रुप की कंपनी ETNow.in की ओर से किया गया था। इसमें उद्योग जगत के दिग्गजों, नीति-निर्माताओं, निवेशकों, उद्यमियों और शिक्षाविदों ने हिस्सा लिया। संस्थान को यह सम्मान उच्च शिक्षा, शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार, कौशल विकास और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रबंधन शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों के लिए दिया गया है। संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान देने के साथ उद्योग जगत से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने, अनुभवात्मक शिक्षण और कॉर्पोरेट सहभागिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।इस उपलब्धि पर निदेशक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान बदलते वैश्विक व्यावसायिक परिदृश्य के अनुरूप विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने की संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता और आलोचनात्मक चिंतन का विकास भी होना चाहिए। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और उद्योग जगत के सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। संस्थान के अनुसार, उभरती प्रौद्योगिकियों, डेटा आधारित निर्णय क्षमता, उद्यमिता और उद्योग-अकादमिक सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी व्यावसायिक वातावरण के लिए तैयार किया जा रहा है। यह सम्मान संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।







