डीपीएस नॉलेज पार्क-पांच में स्कॉलर बैज समारोह का आयोजन

 

ग्रेटर नोएडा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, नॉलेज पार्क-पांच में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए स्कॉलर बैज समारोह 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं संस्कृत गीत के साथ हुआ। समारोह में विशिष्ट अतिथि डॉ. शैलजा डोनेमपुडी, प्रमुख, व्यवसाय विकास समूह, वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद् (सीएसआईआर) मुख्यालय, नई दिल्ली, अब्दुल्लाह अहमद, मुख्य परिचालन अधिकारी, आईआईएचएम होटल स्कूल समूह, कपिल नागर, स्कूल प्रमुख, द हिंदू समूह, अभिभावक प्रतिनिधि डॉ. अर्येन्द्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं प्राइम-टाइम एंकर, डीडी न्यूज़ तथा निश्चल श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार, डीडी न्यूज़, प्रसार भारती भी समारोह में उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया। समारोह में कक्षा बारहवीं के विद्यालय टॉपर श्रेयश श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। उन्होंने विज्ञान संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) में सफलता हासिल कर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, हमीरपुर में प्रवेश प्राप्त किया। अनुष्का दुबे ने विद्यालय में दूसरा तथा संदर्भ जैन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य संकाय में वैभवी सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शायली कौशिक ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता प्राप्त कर जीआईएमएस, ग्रेटर नोएडा में प्रवेश हासिल किया, जबकि अर्शिया धीमान ने राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, दिल्ली में स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

कक्षा दसवीं में श्रेयशी झा ने 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। आराध्या गुप्ता एवं अनन्या जैन ने 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि सम्यक जैन ने 99.2 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को उनकी निरंतर शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर एक से छह स्टार तक के स्कॉलर बैज प्रदान किए गए। विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाओं में लेखक-सहायक के रूप में सहयोग देने वाले विद्यार्थियों तथा कला, खेल और अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और बहुआयामी प्रतिभा का उत्सव बना तथा सभी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने की प्रेरणा प्रदान की।

 

Spread the love
RELATED ARTICLES