ग्रेटर नोएडा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, चिटहैरा में बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आत्म-देखभाल को लेकर एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना था। इस कार्यक्रम का आयोजन कंसोर्टियम गिफ्ट्स द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य उपयोगी सामग्री, विशेष रूप से सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए। कंसोर्टियम गिफ्ट्स की एच.आर. एक्जीक्यूटिव सौम्या सिंह ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, शारीरिक देखभाल, पेट दर्द नियंत्रण तथा इससे जुड़े सामाजिक भ्रमों को दूर करने विषयक महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर कंसोर्टियम गिफ्ट्स के पी.आर. असिस्टेंट गुलशन कुमार भी उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम आदरणीय बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार के मार्गदर्शन एवं जिला समन्वयक बालिका शिक्षा विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
अर्चना पांडेय, सहायक अध्यापिका, कंपोजिट विद्यालय परथला खंजरपुर एवं नोडल अधिकारी, बिसरख बालिका शिक्षा के सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित किया गया। विद्यालय की वार्डन अफसाना एवं अंजू सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति एवं सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। वक्ताओं ने कहा कि मासिक धर्म एवं स्वास्थ्य जैसे विषयों पर खुला संवाद बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अत्यंत आवश्यक है।भगवत शर्मा ने बताया कि गौरव भगत के नेतृत्व में कंसोर्टियम गिफ्ट्स समाज के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य में भी निरंतर योगदान देता रहेगा।






