नियुक्ति 2026: लॉयड फार्मेसी के मेगा जगार महाकुंभ में 55 कंपनियाँ, 1200 प्रतिभागी, 580 चयन और 8 LPA तक पैकेज

Placement 2026: Lloyd Pharmacy's Mega Jagar Mahakumbh sees 55 companies, 1200 participants, 580 selections and packages up to 8 LPA

ग्रेटर नोएडा। लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (फार्मेसी), ग्रेटर नोएडा एवं डीपीएसआरयू, नई दिल्ली द्वारा संयुक्त रूप से ‘नियुक्ति फ्यूचर फेस्ट 2026’ — एक भव्य रोजगार महाकुंभ का सफल आयोजन किया गया। यह ‘नियुक्ति’ का 10.0 संस्करण है, जो फार्मेसी क्षेत्र में देश के सबसे बड़े रोजगार मंचों में से एक बन चुका है और देशभर के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सिद्ध हुआ। इस मेगा प्लेसमेंट फेस्ट में 55 राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें सन फार्मा, सिप्ला, अल्केम लेबोरेट्रीज, अक्यूम्स, जुबिलेंट बायोसिस, मैनकाइंड, एमिल, हमदर्द, सिस्टोपिक, अपोलो हॉस्पिटल्स, यथार्थ हॉस्पिटल एवं फेलिक्स हॉस्पिटल सहित कई अग्रणी संस्थान शामिल रहे। इन कंपनियों ने रिसर्च एंड डेवलपमेंट, प्रोडक्शन, मैन्युफैक्चरिंग, क्वालिटी कंट्रोल, क्वालिटी एश्योरेंस, ड्रग रेगुलेटरी अफेयर्स, फार्माकोविजिलेंस, क्लिनिकल रिसर्च, सेल्स-मार्केटिंग तथा मेडिकल कोडिंग जैसे क्षेत्रों में आकर्षक करियर अवसर प्रदान किए। इस आयोजन में 1200 से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 580 अभ्यर्थियों का चयन एवं शॉर्टलिस्टिंग की गई। चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा 3 लाख से 8 लाख रुपये वार्षिक (LPA) तक के आकर्षक पैकेज प्रदान किए गए, जिसमें अधिकतम पैकेज 8 LPA रहा।

Placement 2026: Lloyd Pharmacy's Mega Jagar Mahakumbh sees 55 companies, 1200 participants, 580 selections and packages up to 8 LPA

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देते हुए कहा कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ व्यावहारिक एवं फार्मास्युटिकल कौशल को भी निरंतर विकसित करें, जिससे वे उद्योग की बदलती मांगों के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया शीघ्र ही मेडिकल डिवाइस से संबंधित दो वर्षीय एम.फार्मा कोर्स प्रारंभ करने जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आने वाले समय में फार्मेसी शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ब्लॉकचेन जैसी उन्नत तकनीकों को भी शामिल किया जाएगा। छात्रों को व्यावसायिक स्थिरता और कौशल विकास का महत्व समझाते हुए उन्होंने सलाह दी कि वे कम से कम तीन वर्षों तक एक ही संस्था/कंपनी में कार्य करें, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र की गहराई से समझ विकसित कर सकें।

कार्यक्रम में डीपीएसआरयू, नई दिल्ली के कुलपति प्रो. रविचंद्रन वी., दिल्ली सरकार के ड्रग कंट्रोल विभाग के डिप्टी ड्रग्स कंट्रोलर श्री राजीव भार्गव, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) विभु सहानी ने अपने विचार व्यक्त किए। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार एवं पूर्व डीसीजीआई जी.एन. सिंह उद्घाटन समारोह में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से वैश्विक औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है और ‘नियुक्ति 2026’ जैसे आयोजन युवाओं को रोजगार एवं वैश्विक अवसरों से जोड़ने वाला सशक्त मंच हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ‘नियुक्ति’ का पहला संस्करण उनके मार्गदर्शन में शुरू हुआ था और आज यह एक विशाल राष्ट्रीय मंच बन चुका है। कार्यक्रम में लॉयड ग्रुप के अध्यक्ष मनोहर थैरानी द्वारा प्रतिष्ठित रिक्रूटर्स एवं अतिथियों का सम्मान भी किया गया।इस रोजगार महाकुंभ में डीपीएसआरयू, जामिया हमदर्द, नाइपर, एमिटी यूनिवर्सिटी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी सहित देशभर के 50 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों व संस्थानों से आए छात्रों ने भागीदारी की। कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं एचआर विशेषज्ञों ने प्रतिभागी छात्रों के ज्ञान, प्रस्तुतीकरण शैली, संवाद कौशल और व्यावसायिक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए उन्हें फार्मा उद्योग की भावी रीढ़ बताया।

Placement 2026: Lloyd Pharmacy's Mega Jagar Mahakumbh sees 55 companies, 1200 participants, 580 selections and packages up to 8 LPA

समारोह के दौरान लॉयड ग्रुप की ग्रुप डायरेक्टर एवं हेड ग्रोथ प्रो. (डॉ.) वंदना अरोड़ा सेठी ने कहा कि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा किए गए नवाचारों एवं नीतिगत सुधारों के कारण फार्मेसी शिक्षा में पंजीकरण की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने डीपीएसआरयू के साथ सहयोग को एक उत्कृष्ट पहल बताते हुए पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “नियुक्ति 2026 सिर्फ एक प्लेसमेंट इवेंट नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक निर्णायक कदम है।” यह आयोजन न केवल एक प्लेसमेंट ड्राइव रहा, बल्कि हजारों युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें नई उड़ान देने वाला एक सशक्त मंच भी सिद्ध हुआ।

Spread the love