रबूपुरा। इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रभावित गांवों में विस्थापन प्रक्रिया को लेकर यमुना प्राधिकरण की वादा खिलाफी से स्थानीय किसानों में आक्रोश पनप रहा है। इसी के चलते शनिवार को गांव नगला भटौना में राष्ट्रीय किसान यूनियन के नेतृत्व में किसान पंचायत का आयोजन किया गया और इस दौरान चेतावनी दी गई की प्रशासन विस्थापन के लिए किसानों से किए गए वादे से मुकरते हैं तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
राष्ट्रीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष चौधरी इकपाल सिंह ने कहा कि वर्ष 2025 में प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण से प्रभावित गांवों के विस्थापन के लिए किसानों को विकसित भूमि दिए जाने का वायदा किया गया था। साथ ही अन्य समस्याओं के समाधान में मूलभूत सुविधाओं भी दिए जाने का वायदा किया गया था लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी प्राधिकरण में अपना वायदा पूरा नहीं किया। तथा विकसित भूमि बिना आवंटन किये ही कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। जिसके चलते किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर प्रशासन द्वारा अपने वायदे को पूरा नहीं किया जाता है तो महापंचायत का आयोजन कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। पंचायत के दौरान शाहिद मंजूर, अमरपाल सिंह, सत्येंद्र कैप्टन, उदयवीर सिंह, बृजपाल सिंह, विपिन सिंह, जगबीर सिंह, हरिश्चंद्र सिंह, दीपक चौधरी आदि मौजूद रहे।






