ग्रेटर नोएडा, 26 अगस्त । सेंट जोसेफ विद्यालय, सेक्टर अल्फा वन, ग्रेटर नोएडा में 27 अगस्त से सीआईएससीई राष्ट्र स्तरीय बालिका वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में देश के लगभग सभी राज्यों से करीब 540 खिलाड़ी और 90 प्रशिक्षक हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता 27 से 29 अगस्त तक चलेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार सुबह करीब आठ बजे किया जाएगा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी अमित डागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और देशभर से आने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के स्वागत की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले खिलाड़ियों से सीखने और संवाद करने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में एशिया महाद्वीप की सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय महिला बास्केटबॉल खिलाड़ी पूनम चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वह खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। विद्यालय के खेल विभाग के अध्यक्ष अध्यापक मनीष तिवारी, मीडिया प्रभारी हेमलता शर्मा एवं वेद प्रकाश सारस्वत ने प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन, खेल विभाग और अन्य संबंधित टीमें लगातार तैयारियों में जुटी हैं।
सेंट जोसेफ विद्यालय में राष्ट्रीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता, देशभर से 540 खिलाड़ी हो रहे हैं एकजुट






