-बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सभी को किया मंत्रमुग्ध
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-37 स्थित समसारा विद्यालय में शनिवार को वार्षिक महोत्सव ‘रामत्व– ए टाइमलेस जर्नी ऑफ वैल्यूज : संस्कारों की अनंत यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन, आदर्शों और संस्कारों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह की मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित जिलाधिकारी मेधा रूपम अपरिहार्य कारणों से उपस्थित नहीं हो सकीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में मेजर जनरल बी.डी. वाधवा (एवीएसएम), प्रो-वाइस चांसलर, आईआईएलएम विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा उपस्थित रहे। इस अवसर पर समसारा विद्यालय की सह-संस्थापक कुसुम शास्त्री, मेरठ पब्लिक स्कूल ग्रुप की गवर्निंग काउंसिल की सदस्य मधु सिरोही, मैनेजिंग डायरेक्टर विक्रमजीत सिंह शास्त्री, मुख्य प्रशासकीय अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रमोद कुमार अत्री तथा परीक्षा नियंत्रक डिंपल सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात विद्यालय के संस्थापक ताराचंद शास्त्री को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीराम के जीवन-मूल्यों को मंच पर जीवंत किया। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेजर जनरल बी. डी. वाधवा ने उनके अथक परिश्रम की सराहना की। उन्होंने श्रीराम को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ कहे जाने का महत्व समझाया और बच्चों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। मधु सिरोही ने भी नन्हे विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए बधाई दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शालिनी प्रसाद ने सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रबंधन समिति के सदस्यों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, लगन और अथक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सफल आयोजन के लिए बधाई दी।






