ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 में भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का दिखेगा उत्सव

Global Bhakti Fest 2026 will celebrate India's spiritual and cultural heritage

13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों का महासंगम, साथ में लाइव कॉन्सर्ट के साथ भजन क्लबिंग का अनूठा अनुभव

ग्रेटर नोएडा,28 नवम्बर।  वर्तमान समय में जब पूरी दुनिया शांति, जीवन के उद्देश्य और उसके गहन अर्थ की तलाश कर रही है, भारत का कालजयी आध्यात्मिक ज्ञान मनुष्य को स्वयं से जुड़ने की राह दिखाता है। इसी भाव को साकार करते हुए एशिया के प्रथम एवं सबसे बड़े वैश्विक भक्ति महोत्सव ‘ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026’ का आयोजन 13 से 15 दिसंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली-एनसीआर में जाएगा। इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) द्वारा आयोजित किया जाएगा।

ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 के आयोजन से पूर्व आयोजित मीडिया संवाद में आध्यात्मिक जगत, कला, संस्कृति एवं आयोजन से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। इस अवसर पर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज, वरिष्ठ महामंडलेश्वर, पंचायती अखाड़ा  निरंजनी; परम पूज्य गोस्वामी सुशील जी महाराज, राष्ट्रीय संयोजक, भारतीय सर्व धर्म संसद; योगी प्रियव्रत अनीमेश, आध्यात्मिक चिंतक एवं मार्गदर्शक तथा उज्जैन की प्रतिष्ठित कलाकार फाल्गुनी अग्रवाल उपस्थित रहीं। आयोजकों की ओर से डॉ. राकेश कुमार, चेयरमैन, इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड, बरुण गुप्ता, सह-संस्थापक, ग्लोबल भक्ति फेस्ट एवं सीईओ, इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स तथा सिद्धांत भाटिया, सह-संस्थापक, ग्लोबल भक्ति फेस्ट एवं निदेशक, सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस ने भाग लिया।

इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने इस आयोजन के उद्देश्य पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, “ग्लोबल भक्ति फेस्ट के मूल उद्देश्य युवा भारत को अपनी सभ्यतागत ज्ञान परंपरा की गहराई से परिचित कराना है। इस महोत्सव का प्रयास अध्यात्म को धार्मिक अनुष्ठानों और ग्रंथों तक सीमित न रखकर उसे दैनिक जीवन का एक रोचक और सार्थक हिस्सा बनाना है।”

बरुण गुप्ता, सह-संस्थापक, ग्लोबल भक्ति फेस्ट एवं सीईओ, इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने कहा कि हमारा उद्देश्य सनातन की विविध विचारधाराओं और आध्यात्मिक परंपराओं को महोत्सव के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाना तथा भारत की धरती से संपूर्ण विश्व को शांति का संदेश देना है।

श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी महाराज, वरिष्ठ महामंडलेश्वर, पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने कहा कि इंडिया एक्सपो सेंटर तीर्थ बनने जा रहा है। जिन संतों के दर्शन के लिए श्रद्धालु कुंभ में हजारों किलोमीटर की यात्रा करते हैं, उनके दर्शन 13 दिसंबर को यहाँ सहज और सुलभ होंगे। मानो भक्ति की गंगा स्वयं आपके द्वार आ रही है।

 

गोस्वामी सुशील महाराज, राष्ट्रीय संयोजक, भारतीय सर्व धर्म संसद ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की धरती पर आध्यात्मिक इतिहास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है, जिसकी पहचान विश्वभर में होगी। उन्होंने डॉ. राकेश कुमार की तपस्या और दूरदर्शिता की सराहना की, जिनके प्रयासों से आज इंडिया एक्सपो मार्ट इस विराट भक्ति समागम का साक्षी बनने जा रहा है। सिद्धांत भाटिया, सह-संस्थापक, ग्लोबल भक्ति फेस्ट एवं निदेशक, सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस ने महोत्सव के मूल विज़न ‘ध्यानं, ज्ञानं, विज्ञानं एवं प्रज्ञानं’ को रेखांकित करते हुए मीडियाकर्मियों से इस आध्यात्मिक अभियान का सहभागी बनने और भक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की अपील की।

इस महोत्सव का उद्घाटन भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह 13 दिसंबर 2026 को सायं 5 बजे करेंगे। इस आयोजन में अनेक प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत 14 दिसंबर 2026 को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, विख्यात संत, आध्यात्मिक गुरु एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां भी महोत्सव में शिरकत करेंगी।

ग्लोबल भक्ति फेस्ट में 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों सहित संतों एवं धर्मगुरुओं का अद्भुत समागम देखने को मिलेगा। इसके साथ ही धार्मिक संस्थानों, रहस्यवादी साधकों, विद्वानों, दूरदर्शी विचारकों, कलाकारों, स्वास्थ्य एवं कल्याण विशेषज्ञों और उद्यमियों की भी सहभागिता रहेगी। 10,000 वर्गमीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 100 से अधिक प्रदर्शक ब्रांडों, 20,000 से अधिक बी2बी एवं बी2सी खरीदारों, 2,000 से अधिक विशिष्ट प्रतिनिधियों तथा प्रतिदिन 10,000 से अधिक संगीत प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव में तीन विशिष्ट अनुभवों का समावेश होगा:

जीबीएफ एक्सपो (भक्ति बाजार):

इस प्रदर्शनी में आगंतुकों को प्रामाणिक एवं शुद्ध पूजा सामग्री, पवित्र अर्पण सामग्री, भक्ति से जुड़े उत्पादों, धार्मिक ग्रंथों, देवी-देवताओं की प्रतिमाओं, धार्मिक कलाकृतियों और मंदिरों से संबंधित सामग्री को देखने, उनकी सोर्सिंग करने एवं खरीदने का अवसर मिलेगा।

जीबीएफ कॉन्फ्लुएंस (भक्ति कॉन्क्लेव):

यह आध्यात्मिक समागम पूजनीय संतों, साध्वियों, आध्यात्मिक गुरुओं, विद्वानों, नीति निर्माताओं, प्रेरक वक्ताओं, रहस्यवादी साधकों और स्वास्थ्य एवं कल्याण विशेषज्ञों के बीच विचारों, मान्यताओं एवं दृष्टिकोणों के सार्थक आदान-प्रदान का मंच बनेगा।

जीबीएफ कॉन्सर्ट (भजन क्लबिंग):

भक्ति की सार्वभौमिक भाषा को समर्पित यह संगीतमय उत्सव आत्मा को स्पर्श करने वाले भजनों, कीर्तन, मंत्रोच्चार, शास्त्रीय संगीत, सूफी संगीत, फ्यूजन, इलेक्ट्रॉनिका एवं समकालीन भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों से सुसज्जित होगा। इसमें देश के ख्यातिप्राप्त कलाकारों एवं विशेष अतिथियों की सहभागिता रहेगी। आस्था के उत्सव से कहीं बढ़कर, ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 भक्ति से आत्मखोज तक, सांस्कृतिक चेतना से आत्मबोध तक और प्राचीन ज्ञान से एक अधिक जागरूक एवं चेतनापूर्ण भविष्य तक की यात्रा है। यह महोत्सव अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाकर भारत के मूल स्वरूप एवं उसकी आत्मा को अभिव्यक्त करेगा।

 

Spread the love