ग्रेटर नोएडा,29 नवम्बर। स्वर्ण नगरी स्थित विक्ट्री वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘विजयपथ–2026’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्साह, उमंग और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। पूरे खेल परिसर में बच्चों का उत्साह, प्रतिस्पर्धा की भावना और उल्लास देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कैलाश ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की निदेशक सविता शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के चेहरों पर उत्साह, आँखों में सपने और कुछ कर गुजरने का आत्मविश्वास देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। ‘विजयपथ’ केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, ऊर्जा, अनुशासन, आत्मविश्वास और संकल्पशक्ति का उत्सव है। खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा खेल भावना को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के चेयरमैन ओ.पी. अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन स्वयं एक विशाल खेल का मैदान है, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति को अपनी प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प के बल पर पहचान बनानी होती है। सफलता का वास्तविक आधार मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास है। उन्होंने कहा कि इतिहास उन्हीं लोगों का स्मरण करता है, जो विपरीत परिस्थितियों के सामने झुकने के बजाय चुनौतियों को अवसर में बदलने का साहस रखते हैं।
विद्यालय के निदेशक प्रतिनिधि साहिल बागला ने कहा कि खेल का मैदान बच्चों को दौड़ना ही नहीं, बल्कि गिरकर उठना, हार के बाद पुनः प्रयास करना और सामूहिक प्रयास से लक्ष्य प्राप्त करना भी सिखाता है। जीतना निश्चित रूप से उपलब्धि है, लेकिन जीत के लिए संघर्ष करना उससे भी बड़ी उपलब्धि है। हार जाना असफलता नहीं, बल्कि हार मानकर प्रयास छोड़ देना वास्तविक असफलता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रगति दुबे ने कहा कि खेल जीवन का अनिवार्य अंग हैं। ये शरीर को स्वस्थ और सुदृढ़ बनाने के साथ मानसिक दृढ़ता, सकारात्मक सोच, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में सहयोग, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में विशिष्ट आमंत्रित अतिथि पद्मा वर्मा, पूर्व सचिव, भारत विकास परिषद, पूनम अग्रवाल, साहिल बागला, रचना बागला तथा मनिका गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिताओं के विजेता
कुर्सी दौड़: अनुराग प्रथम, कृष द्वितीय तथा सिया तृतीय। गेंद उठाओ दौड़: लव्यांश प्रथम, दिव्यांशी द्वितीय तथा रियांश तृतीय। पिरामिड निर्माण प्रतियोगिता: पारिक्षित प्रथम, प्रत्यक्ष द्वितीय तथा आराध्या तृतीय। विद्यालय वापसी दौड़: आर्या प्रथम, तनिष्का द्वितीय तथा वासवी तृतीय।
हुला हूप दौड़: सोनपरी प्रथम, अथर्व द्वितीय तथा सिद्धी तृतीय। गुब्बारा दौड़: सयेशा एवं रोशनी प्रथम, माहिरा एवं आर्या द्वितीय तथा तनीष एवं अक्षत तृतीय। कंधा दौड़: डेविड एवं ब्राइड प्रथम, आर्यन एवं सारांश द्वितीय तथा रीजॉयस एवं आयत तृतीय। रिले दौड़: प्रिंस, मेदांत एवं ईशा प्रथम; अनुभव, लक्ष्य एवं हिमांशु द्वितीय तथा भरत, अनमोल एवं रुद्राक्ष तृतीय। बोरी दौड़: शेमनो प्रथम, शैलेन्द्र द्वितीय तथा एरिक तृतीय।
सामान्य दौड़: बालिका वर्ग: नव्या प्रथम, प्रेज़ द्वितीय तथा विक्ट्री तृतीय। बालक वर्ग: मनीष प्रथम, प्रियांशु द्वितीय तथा मयंक तृतीय।
खो-खो प्रतियोगिता: टीम बी विजेता रही।
अभिभावक दौड़: मातृशक्ति वर्ग: आयुषी प्रथम, कंचन द्वितीय तथा वंदना तृतीय। पितृशक्ति वर्ग: नवीन प्रथम, अर्जुन द्वितीय तथा नकुल तृतीय। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन ने बच्चों को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने के साथ अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्त्व समझने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।






