भारत बंद को लेकर पुलिस व पीएसी बल ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में किया फलैग मार्च, अलर्ट

ग्रेटर नोएडा/रबूपुरा। सरकार द्वारा लाये गये कृषि विधेयकों की वापसी की मांग को लेकर चल रहे किसान संगठनों के आंदोलन के निरन्तर गति पकड़ने व मंगलवार को भारत बंद के ऐलान के बाद प्रशासन में हड़कम्प मचा हुआ है। इधर किसान अपनी जिद पर अड़े हैं तो वहीं प्रशासन ने भी किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए कमर कस ली है और जगह-जगह फलैग मार्च करते हुए शांति बनाये रखने की अपील के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व पीएसी बल तैनात किया गया है। सोमवार को कस्बा रबूपुरा स्थित गोल चक्कर पर समूचे दिन पीएसी के जवान तैनात रहे तथा कोतवाली प्रभारी दिनेश यादव ने पुलिस व पीएसी बल के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों से फलैग मार्च निकालते हुए लोगों से वार्ता भी की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जनपद में धारा 144 लागू कर दी गई। जिसका पूर्ण रूप से पालन कराया जायेगा तथा अन्यथा की स्थिति के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
थाना क्षेत्र रबूपुरा में लगभग 30 पुलिसकर्मियों जिसमे लगभग डेढ़ सेक्शन पीएसी कर्मियों द्वारा ,सूरजपुर में 2 प्लाटून पीएसी कर्मियों व लगभग 15 पुलिसकर्मियों द्वारा पैदल गश्त की गई व थाना क्षेत्र जेवर में लगभग 50 पुलिसकर्मियों जिसमे 2 प्लाटून पीएसी कर्मियों द्वारा व थाना सेक्टर 39 में लगभग 40 पुलिसकर्मियों जिसमे 2 प्लाटून पीएसी कर्मियों द्वारा व थाना फेस 2 में लगभग 50 पुलिसकर्मियों जिसमे 2 प्लाटून पीएसी कर्मियों द्वारा, थाना बीटा 2 व थाना नॉलेज पार्क के लगभग 100 पुलिसकर्मियों द्वारा सयुक्त रूप से, थाना दनकौर में लगभग 65 पुलिसकर्मियों जिसमे डेढ़ सेक्शन पीएसी कर्मियों, थाना सेक्टर 58 में लगभग 100 पुलिसकर्मियों जिसमे 2 प्लाटून पीएसी कर्मियों द्वारा, थाना ईकोटेक 3 में लगभग 50 पुलिसकर्मियों जिसमे 2 प्लाटून पीएसी कर्मियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्र के सभी मुख्य स्थानों पर फ्लैग मार्च किया गया। उक्त फ्लैग मार्च के दौरान सभी सम्बन्धित पुलिस उपायुक्त ,सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस द्वारा परिस्थिति को देखते हुए भी जनपद के सभी मुख्य व संवेदनशील स्थानों पर भी ड्यूटी प्वाइंट बनाए जायेंगे जिन पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल मौजूद रहेगा, इसके अतिरिक्त जनपद में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए है।

Spread the love