ग्रेटर नोएडा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, नॉलेज पार्क-पांच में कक्षा-दो और तीन के विद्यार्थियों का वार्षिक उत्सव “आरोहण- व्हेयर एवरीवन बिलॉन्ग्स” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक श्लोकों की मधुर प्रस्तुति से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुनील कुमार सिंह की धर्मपत्नी की उपस्थिति रही तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉली चनाना, (डायरेक्टर एवं कन्वीनर, इंटर डीपीएस प्रतियोगिताएँ, डीपीएस सोसाइटी) की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों के समय विकास, आत्मविश्वास एवं सृजनात्मकता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘जमे रहो”, “सितारे जमीन पर”, “रियो डांस” तथा “उड़ने दो” जैसी जीवंत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे कलाकारों की ऊर्जा, आत्मविश्वास और मंच संचालन कौशल ने सभी का दिल जीत लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने विद्यार्थियों के प्रयासों और प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशेष रूप से अतिथियों के प्रेरक शब्दों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन भव्य बैंड फिनाले, धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रदर्शन था, बल्कि समावेशिता, एकता और आनंदमय शिक्षा के मूल्यों को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने वाला एक अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध हुआ।





