ग्रेटर नोएडा। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, केपी-तीन, ग्रेटर नोएडा में गुरुवार को क्रिसमस कार्निवल का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह रंगारंग उत्सव विद्यालय परिसर को उत्सव की चमक से भर दिया, जहां विद्यार्थी, अभिभावक और स्टाफ सदस्य एक साथ जश्न मनाते नजर आए। कार्निवल का शुभारंभ विद्यालय की निदेशक कंचन कुमारी ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. हीमा शर्मा तथा विद्यालय की पूरी टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई। डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में उत्साह, एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। कार्निवल की सबसे बड़ी विशेषता रही रोमांचक खेलों की श्रृंखला, स्वादिष्ट व्यंजनों से सजे फूड स्टॉल और आकर्षक स्मृति-चिह्नों की दुकानें। इन स्टॉल्स ने पूरे परिसर में उत्सवी माहौल पैदा कर दिया।

विद्यार्थियों ने स्वयं इन खेलों का आयोजन और संचालन किया, जिससे उनकी टीमवर्क, संगठन क्षमता और नेतृत्व गुणों का बेहतरीन प्रदर्शन हुआ। बच्चे विभिन्न खेलों में भाग लेते और जीत का जश्न मनाते दिखे। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे तंबोला, डीजे पर थिरकते कदम और रोमांचक लकी ड्रॉ। डीजे की धुनों पर विद्यार्थी और अभिभावक दोनों नाचते-गाते नजर आए, जबकि तंबोला और लकी ड्रॉ ने सभी को उत्सुकता से बांधे रखा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। यह कार्निवल न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच गहरा जुड़ाव भी स्थापित किया। सभी ने एक-दूसरे के साथ यादगार पल साझा किए। आयोजन शाम तक आनंदपूर्ण रूप से संपन्न हुआ और सभी के चेहरों पर मुस्कान लिए विदा हुए। विद्यालय प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। ऐसे उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।






