सिस्को नेटवर्किंग एकेडमी ने एनआईईटी ग्रेटर नोएडा के साथ एमओयू हस्ताक्षर किया
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ग्रेटर नोएडा (एनआईईटी ग्रेटर नोएडा) में सिस्को नेटवर्किंग एकेडमी सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस की स्थापना की गई। विदित हो कि सिस्को नेटवर्किंग क्षेत्र में विश्व की अग्रणी कंपनी है। इस अवसर पर सिस्को नेटवर्किंग एकेडमी (इंडिया एवं सार्क) के हेड ईश्विंदर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनआईईटी की एडिशनल मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ नीमा अग्रवाल, एनआईईटी ग्रेटर नोएडा के डायरेक्टर डॉ विनोद एम कापसे, अरविंद कुमार शर्मा-डायरेक्टर (ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट), डॉ. नरेश कुमार एसोसिएट डायरेक्टर (एकेडमिक), डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, शिक्षकगण तथा विद्यार्थीगण आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन तथा सरस्वती वंदना से किया गया। अपने स्वागत संबोधन में एनआईईटी ग्रेटर नोएडा के डायरेक्टर डॉ. विनोद एम. कापसे ने सिस्को नेटवर्किंग एकेडमी सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस से संस्थान के विद्यार्थियों को मिलने वाले लाभों के विषय में भी अवगत कराया। अरविंद कुमार शर्मा-डायरेक्टर (ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट)-एनआईईटी ने इस सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस की एनआईईटी में स्थापना की अवधारणा तथा आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए प्लेसमेंट में इसके विशेष महत्त्व को सभी के साथ साझा किया। सिस्को नेटवर्किंग एकेडमी (इंडिया एवं सार्क) के हेड श्री ईश्विंदर सिंह तथा एनआईईटी की एडिशनल मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ नीमा अग्रवाल ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

डॉ नीमा अग्रवाल ने कहा कि एनआईईटी के लिए इस सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस की स्थापना एक महत्त्वपूर्ण क़दम है। इससे विद्यार्थियों को न केवल नेटवर्किंग के क्षेत्र में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा बल्कि विद्यार्थियों के प्लेसमेंट में भी उन्हें सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ईश्विंदर सिंह ने विद्यार्थियों को सिस्को नेटवर्किंग एकेडमी के विषय में अवगत कराया। उन्होंने बड़े सटीक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर दिया। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल ऑफ़ कंप्यूटर साइंस इन इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज के डीन डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।






