प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का भव्य शुभारंभ….

Prime Minister Narendra Modi inaugurated the first phase of Noida International Airport.

विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री ने कहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से होंगे रोजगार के अवसर उपलब्ध

-यह केवल एक एयरपोर्ट का उद्घाटन नहीं, बल्कि नए भारत के सपनों, संकल्पों और संभावनाओं का उत्सव……………नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश सरकार के राजकीय वायुयान ने भरी पहली उड़ान

ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने के गौतम बुद्ध नगर के जेवर में निर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने एयरपोर्ट के अत्याधुनिक कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन भी किया, साथ ही 40 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली मेंटेनेंस, रिपेयर एवं ओवरहॉल (MRO) सुविधा का शिलान्यास किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की मा0 राज्यपाल आनंदी बेन पटेल एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी भी उपस्थित रहे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के सबसे बड़े और आधुनिक एयरपोर्ट में शामिल किया जा रहा है, जो भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान को और मजबूत करेगा।

Prime Minister Narendra Modi inaugurated the first phase of Noida International Airport.

इस दौरान प्रधानमंत्री  ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट केवल एक बुनियादी परियोजना नहीं, बल्कि “विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश” अभियान का नया अध्याय है। यह एयरपोर्ट उत्तर भारत के लिए लॉजिस्टिक गेटवे बनकर निवेश, व्यापार और निर्यात को नई गति देगा। उन्होंने विशेष रूप से स्थानीय किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी जमीन के योगदान से ही यह परियोजना साकार हो पाई है, जिससे अब कृषि उत्पाद वैश्विक बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण है, जहां सड़क, रेल और हवाई परिवहन का निर्बाध एकीकरण होगा। एयरपोर्ट का कार्गो हब प्रारंभिक चरण में 2.5 लाख मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता के साथ कार्य करेगा, जिसे भविष्य में 18 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाने की योजना है। इससे उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत में अब तक 85 प्रतिशत विमान एमआरओ सेवाओं के लिए विदेश भेजे जाते थे, जिससे भारी खर्च होता था। जेवर में बनने वाली एमआरओ सुविधा देश को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगी।

प्रधानमंत्री  ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है और अब यह देश के सर्वाधिक एयरपोर्ट वाले राज्यों में शामिल हो गया है। यह एयरपोर्ट डबल इंजन सरकार की कार्यसंस्कृति का उदाहरण है। वर्ष 2003 में इस परियोजना को मंजूरी मिली थी, लेकिन वर्षों तक यह फाइलों में अटकी रही। केंद्र और राज्य में समन्वय बनने के बाद ही इस परियोजना ने गति पकड़ी और आज यह धरातल पर उतर सकी है। यह एयरपोर्ट पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ने का कार्य करेगा। यह एक अत्याधुनिक एयरपोर्ट होगा, जहां हर दो मिनट में एक विमान के उड़ान भरने की क्षमता विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश की उड़ान को नई ऊंचाई प्रदान करने वाला यह समारोह प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। मा0 प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में नए भारत का नया उत्तर प्रदेश आज अपनी पहचान का नया उद्घोष कर रहा है कि जब संकल्प मजबूत, साहस अडिग व आत्मविश्वास अटल हो, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं रह सकता। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट संकल्प को सिद्धि में बदलने का परिणाम है। इसका रनवे न केवल यूपी की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जाने का आधार बनेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का लॉन्चपैड भी बनेगा। यह एयरपोर्ट उत्तर भारत के निवेश, व्यापार व औद्योगिक विकास को नई ऊंचाई तक पहुंचाते हुए व्यापक रोजगार सृजन भी करेगा। मुख्यमंत्री  ने कहा कि यह एयरपोर्ट विकास की नई ऊंचाइयों के साथ जनता को राहत दिलाने वाला है। प्रधानमंत्री ने पिछले 11-12 वर्षों में नए भारत को विकसित भारत की दिशा में बढ़ाने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में कदम बढ़ाए हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इसी श्रृंखला का हिस्सा है। आज मा0 प्रधानमंत्री जी के कर कमलों से नवनिर्माण की नई इकाई का लोकार्पण हो रहा है। यह नवसृजन उत्तर प्रदेश को ग्लोबल एविएशन मैप पर नए सिरे से प्रस्तुत करने का कार्य कर रहा है। मा0 प्रधानमंत्री जी ने विकसित भारत की संकल्पना देशवासियों को दी है। आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश, विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर आज की आवश्यकता है। अभी एक रनवे प्रारंभ हो रहा है। कुछ वर्षों में एयरपोर्ट के पांच रनवे संचालित होंगे तो यह खुद को ग्लोबल एयरपोर्ट के रूप में स्थापित करने में सफल होगा।  मुख्यमंत्री  ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को ग्लोबल कनेक्टिविटी का केंद्र बनाते हुए यमुना एक्सप्रेसवे और भविष्य में ईस्टर्न पेरिफेरल, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, आरआरटीएस, दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेललाइन जैसे नेटवर्क से जोड़कर प्रदेश को गति के साथ विकास की नई ऊंचाई तक ले जाने का भी कार्य करेगा। इस एयरपोर्ट परियोजना के माध्यम से लाखों नौजवानों के लिए प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा व ग्रेटर नोएडा में व्यापक निवेश की संभावनाओं ने अभी से प्रस्ताव देने प्रारंभ कर दिए हैं। पिछले दिनों इसी एयरपोर्ट के पास मा0 प्रधानमंत्री जी ने सेमीकंडक्टर चिप बनाने की यूनिट की आधारशिला रखी थी। इसके साथ ही अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की निर्माण प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण के लोकार्पण अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का क्षण है। यह केवल एक एयरपोर्ट का उद्घाटन नहीं, बल्कि नए भारत के सपनों, संकल्पों और संभावनाओं का उत्सव है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से संपूर्ण देश उत्साहित है और यह भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब कोई भी यात्री इस एयरपोर्ट पर आएगा, तो उसे उत्तर प्रदेश की शान व पहचान देखने को मिलेगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण के उद्घाटन के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राजकीय वायुयान ने एयरपोर्ट से अपनी पहली उड़ान भरी, जिसमें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ का सफर किया। इस दौरान एयरपोर्ट निर्माण से सम्बंधित अधिकारी और जिलाधिकारी मेधा रुपम मौके पर मौजूद रही। आज ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट का अनावरण कर राष्ट्र को समर्पित किया है। नोएडा से पहली उड़ान में सफर करने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अधिकारी काफी उत्साहित रहे।

 

 

Spread the love