ग्रेटर नोएडा,2 मई। एक तरफ कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन में ग्रेटर नोएडा के सभी शिक्षण संस्थान लगभग डेढ़ महीनों से बंद है वहीं इन संस्थानों के शिक्षकों ने अपने घरों से मोर्चा संभाला हुआ है। सभी अपने छात्रों को ऑनलाइन क्लास मुहैया करवा रहे हैं। संसाधनों की कमी के चलते किसी भी छात्र की पढाई ना छूटे ये सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय ने कई सरहनीय कदम उठाये है।

इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा के सबसे पुराने फार्मेसी संस्थान रामईश फार्मेसी कॉलेज सहित प्रदेश के 3 कालेजों को लखनऊ स्थित डा. एपीजे अब्दुल कलम प्राविधिक विश्वविद्यालय ने फार्मेसी कोर्स के उन छात्रों के लिए विडियो लेक्चर बनाने की जिम्मेदारी दी, जिनके क्षेत्र में इन्टरनेट की स्पीड कम होने के चलते छात्र ऑनलाइन क्लास नहीं ले पाते अथवा जिनकी क्लास छूट जाती है। रामईश फार्मेसी संस्थान के शिक्षकों द्वारा छात्रों के लिए विडियो लेक्चर बनाये गए जिन्हें विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर सभी छात्रों के ईआरपी लॉग इन से देखा जा सकता है। विश्वविद्यालय के कुलपति डा. विनय कुमार पाठक द्वारा संस्थान के प्रधानाचार्य डा. जैनेन्द्र जैन, वरिष्ठ शिक्षक डा. संदीप कुमार बंसल, डा. पल्लवी राय, डा. राहुल कौशिक एवं अजहर दानिश खान को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।






