रबूपुरा। बुलंदशहर में जहरीली शराब पीकर 5 लोगों की मौत के बाद आबकारी विभाग समेत समस्त प्रशासन में हड़कम्प मचा हुआ है। जिसके बाद गौतम बुद्ध नगर में शराब माफियाओं पर प्रशासनिक तेवर तल्ख आने लगे। इसी के चलते पुलिस द्वारा क्षेत्र में दिन भर छापेमारी का दौर चला लेकिन सूत्रों की मानें तो पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। हालांकि पुलिस ऐसे किसी मामले से इंकार कर रही है। जानकारी अनुसार शनिवार को पुलिस ने गैर प्रान्त की अवैध शराब की बिक्री के चलते क्षेत्र के कई स्थानों पर छापेमारी की तथा इसके साथ ही हरियाणा सीमावर्ती गांव चंड़ीगढ़ जाकर शराब की भट्टी चलाने वाले माफियाओं की तलाश की लेकिन वह मौके से फरार हो गये और पुलिस को बैरग ही लौटना पड़ा। वहीं सूत्रों का कहना है कि बुलंदशहर के सिकन्द्राबाद के गांव जीतागढ़ी की घटना के बाद स्थानीय पुलिस समेत जनपद का आला प्रशासन हरकत में है एवं शराब का अवैध कारोबार करने वालों की तलाश में जुटा है। अब इसमें कितनी सफलता मिलती है यह तो आने वाला वक्त ही बतायेगा। हालांकि स्थानीय पुलिस ने क्षेत्र में कोई छापेमारी किये जाने की बात से इंकार किया है। गौरतलब है कि क्षेत्र के हरियाणा सीमावर्ती होने के चलते हरियाणा मार्का शराब की तस्करी बडे़ पैमाने पर होती है तथा माफिया ग्रामीण रास्तों का प्रयोग कर अपने धंधे को आसानी से अंजाम देते हैं। इसके साथ ही क्षेत्र के चंड़ीगढ़ में अवैध शराब बनाने की भट्टी तक संचालित की जाती हैं। अनेकों बार भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त भी की जा चुकी है।
प्रशासन शराब माफियाओं के खिलाफ शुरु किया अभियान, शुरू हुई छापेमारी






