विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर: ‘संस्कृत प्रतिभा खोज–2026’ के ऑनलाइन आवेदन 10 जुलाई से प्रारम्भ

Golden opportunity for students: Online applications for 'Sanskrit Pratibha Khoj-2026' begin on July 10

10 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक निःशुल्क आवेदन, संस्कृत प्रतिभाओं को मिलेगा जनपद, मण्डल एवं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ (भाषा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन) द्वारा आयोजित प्रदेश की प्रतिष्ठित “संस्कृत प्रतिभा खोज–2026” प्रतियोगिता हेतु 10 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रारम्भ हो चुके हैं। इच्छुक विद्यार्थी 15 अगस्त 2026 तक संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.upsanskritpratibhakhoj.com पर जाकर पूर्णतः निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के गौतम बुद्ध नगर जनपद के जिला संयोजक एवं महर्षि पाणिनि वेद-वेदांग विद्यापीठ गुरुकुल, ग्रेटर नोएडा के प्रधानाचार्य प्रेमकांत शर्मा ने जनपद के समस्त विद्यालयों, गुरुकुलों, महाविद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से अधिकाधिक संख्या में इस प्रतियोगिता में सहभागिता करने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि “संस्कृत प्रतिभा खोज–2026” केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति एवं सनातन ज्ञान परम्परा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा जनपद, मण्डल एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करना है। प्रतियोगिता के अंतर्गत संस्कृत गीत, संस्कृत भाषण, संस्कृत सामान्य ज्ञान, श्लोक, श्लोकान्त्याक्षरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के छात्र-छात्राएँ भाग ले सकते हैं।

महत्वपूर्ण जानकारी

ऑनलाइन आवेदन प्रारम्भ: 10 जुलाई 2026

अंतिम तिथि: 15 अगस्त 2026

आवेदन शुल्क: पूर्णतः निःशुल्क

वेबसाइट: www.upsanskritpratibhakhoj.com

प्रेमकांत शर्मा ने कहा कि “संस्कृत हमारी सांस्कृतिक विरासत की आधारशिला है। प्रत्येक विद्यालय एवं शिक्षण संस्थान का दायित्व है कि वह अपने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करे, जिससे जनपद गौतम बुद्ध नगर प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सके। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे इस सूचना को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुँचाएँ, ताकि कोई भी योग्य एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्रा इस अवसर से वंचित न रहे।

 

Spread the love
RELATED ARTICLES
Most Viewed