IBA की भव्य तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर, 300 से अधिक उद्यमी, कर्मचारी एवं श्रमिक हुए शामिल

IBA's grand Tiranga Yatra resonated with patriotic sentiments, with over 300 entrepreneurs, employees and workers participating.

ग्रेटर नोएडा ।देश के  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  के “हर घर तिरंगा” अभियान के आह्वान तथा प्रदेश के कर्मठ एवं ऊर्जावान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व एवं गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी  के मार्गदर्शन में आज इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर द्वारा एक भव्य एवं ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह विशाल तिरंगा यात्रा जेके इंडस्ट्रीज़, प्लॉट संख्या-376, उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-3 से प्रारंभ होकर पूरे औद्योगिक क्षेत्र इकोटेक-3 का भ्रमण करते हुए घंटा चौक, सूरजपुर तक निकाली गई। यात्रा में 300 से अधिक उद्यमी, उद्योगों में कार्यरत कर्मचारी, श्रमिक, स्टाफ, मीडिया प्रतिनिधि एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन के उत्कृष्ट सहयोग एवं अनुशासित व्यवस्था के कारण पूरी यात्रा अत्यंत शांतिपूर्ण, गरिमामयी एवं सफल रही।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा  ने राष्ट्रध्वज दिखाकर किया। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” और “वीर शहीद अमर रहें” के उद्घोषों से गूंज उठा। देशभक्ति के गीतों एवं राष्ट्रीय भावनाओं से ओतप्रोत इस यात्रा ने प्रत्येक सहभागी के मन में राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा का संचार किया। यात्रा के दौरान देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया तथा यह संदेश दिया कि भारत की संस्कृति “वसुधैव कुटुम्बकम्” आज भी पूरे विश्व को एक परिवार मानने का संदेश देती है।

इस अवसर पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष  अमित कुमार उपाध्याय ने कहा—«”तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था, आत्मसम्मान, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। जब भी देश की एकता, अखंडता और सम्मान पर कोई चुनौती आती है, तब पूरा भारत एकजुट होकर उसके सामने चट्टान की तरह खड़ा हो जाता है। भारत न कभी झुका था, न झुका है और न कभी झुकेगा; भारत न कभी टूटा था, न टूटा है और न कभी टूटेगा।”»

उन्होंने कहा कि कल 15 अगस्त को पूरा राष्ट्र 80वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व, गौरव एवं आत्मसम्मान का महापर्व है। उन्होंने सभी देशवासियों से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं उद्योगों पर तिरंगा फहराने तथा पूरे परिवार के साथ स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, उल्लास एवं राष्ट्रभक्ति के साथ मनाने की अपील की।

भाजपा जिलाध्यक्ष  अभिषेक शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उद्योग जगत द्वारा निकाली गई यह भव्य तिरंगा यात्रा इस बात का प्रमाण है कि देश का उद्यमी वर्ग केवल आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता का भी सशक्त प्रहरी है। ‘हर घर तिरंगा’ आज जन-जन का अभियान बन चुका है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह तिरंगे का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे।”»

इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) की ओर से उपाध्यक्ष  नरेश चौहान एवं संपूर्ण जेके इंडस्ट्रीज़ परिवार का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने अपने प्रतिष्ठान जेके इंडस्ट्रीज़ में इस भव्य तिरंगा यात्रा के शुभारंभ हेतु उत्कृष्ट व्यवस्थाएँ कीं तथा सभी प्रतिभागियों के लिए भव्य एवं स्वादिष्ट जलपान की व्यवस्था कर कार्यक्रम को और अधिक गरिमामयी एवं यादगार बनाया। इस अवसर पर IBA अध्यक्ष  अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि श्री नरेश चौहान एक सफल उद्यमी होने के साथ-साथ एक संवेदनशील समाजसेवी, सरल एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व के धनी हैं। समाज एवं उद्योग जगत के प्रति उनकी सेवा-भावना, सहयोग और समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन उनके इस सराहनीय योगदान के लिए हृदय से उनका अभिनंदन एवं धन्यवाद करता है।

पुलिस प्रशासन एवं मीडिया का विशेष सहयोग

पूरे कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में एसीपी-3 सेंट्रल श्री राजू कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी इकोटेक-3 श्री रणजीत सिंह, उद्योग विहार चौकी प्रभारी श्री अखिलेश कुमार सहित समस्त पुलिस बल का सराहनीय सहयोग रहा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन पुलिस प्रशासन एवं मीडिया जगत के सभी सम्मानित प्रतिनिधियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता है।  कार्यक्रम में IBA अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय, उपाध्यक्ष श्री नरेश चौहान, महासचिव श्री सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, कार्यकारी सदस्य श्री हर्ष तोमर, श्री संजय पांचाल, श्री ललित सिंघल सहित 300 से अधिक उद्यमी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love
RELATED ARTICLES