ग्रेटर नोएडा। शारदा विश्वविद्यालय में बुधवार को क्रिसमस के उपलक्ष्य में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सेंट जोसेफ चर्च के फादर सेबेस्टियन कोलिथिनन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस दौरान नर्सिंग स्टाफ ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समां बांध दिया। पूरे कैंपस को क्रिसमस टी और तारों से सजाया गया। धन्वन्तरी ऑडिटोरियम में कार्यक्रम की शुरुआत प्रभु यीशु के समक्ष दीप जलाकर की गई। इसके बाद नर्सिंग के बच्चों, स्टाफ और अन्य ने विश्व व देश में अमन चैन के लिए प्रभु से प्रार्थना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फादर सेबेस्टियन कोलिथिनन ने प्रभु यीशु के जीवन पर प्रकाश डालते हुए सभी को अमन चैन के रास्ते पर चलकर समाज में सभी की मदद करके एक मिसाल कायम करने की बात कही। इस दौरान शारदा समूह की सीमा गुप्ता और प्रियंका गुप्ता ने सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

सीमा गुप्ता ने कहा कि इस साल कोविड से न केवल देश में बल्कि पूरे विश्व में डर का माहौल रहा। ऐसे समय में यहां की नर्सिंग स्टाफ ने न केवल लोगों की सेवा की बल्कि हताश और निराश लोगों में नए उर्जा का संचार किया। प्रियंका गुप्ता ने कहा कि हमलोगों ने देखा कि कैसे विषम हालात में भी नर्स ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को ईसा मसीह का जन्म विश्व में प्यार का संदेश देने के लिए हुआ था। इसलिए इस दिन को क्रिसमस डे कहा जाता है और पूरे दिसंबर माह को क्राइस्ट मास के नाम से जाना जाता है। कार्यक्रम में कैरल सांन्ग की महत्ता बताई गई। इस अवसर पर शारदा यूनिवर्सिटी के छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अन्त मे सेंटा क्लाज ने सभी लोगों में उपहार और मिठाइयां व केक बांटे। सभी लोगों को प्रभु यीशु के जन्मदिन के शुभ अवसर पर बधाईयां दी गईं। इस मौके पर शारदा अस्पताल की नर्सिंग हेड रोजलीन बैंडलिक और उनकी टीम ने सभी अतिथियों का आभार जताया।
शारदा विवि में क्रिसमस सेलिब्रेशन, रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति, बांटे गए मिठाईयां व उपहार






