डिग्री के साथ हुनर और नवाचार से बनेगा भविष्य,आईआईपीपीटी में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत

A degree, skills and innovation will shape the future; IIPPT welcomes newly admitted students with a grand welcome

-अभिमुखीकरण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मिला सफलता का मंत्र, उद्योग जगत से जुड़ने और उद्यमशीलता अपनाने के लिए किया प्रेरित

ग्रेटर नोएडा,31 अगस्त। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग टेक्नोलॉजी (आईआईपीपीटी) में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें संस्थान की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों से परिचित कराने के लिए भव्य अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष संजय सुदन, अध्यक्ष योगिता सुदन, निदेशक डॉ. जितेश कुमार खत्री, सह निदेशक डॉ. कौल, कुलसचिव कुलश्रेष्ठ तथा मुख्य नवाचार अधिकारी नैना अग्रवाल  उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के स्वागत, अतिथियों के सम्मान और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत समूह नृत्य और स्वागत कविता की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।निदेशक डॉ. जितेश कुमार खत्री ने विद्यार्थियों को संस्थान की पढ़ाई, प्रशिक्षण, कौशल विकास, उद्योग जगत से मिलने वाले व्यावहारिक अनुभव और करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन केवल किताबों तक सीमित नहीं है। यह समय अपनी प्रतिभा पहचानने, नए कौशल सीखने और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने और संस्थान में मिलने वाले हर अवसर का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को रोचक और संवादात्मक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने समूह गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, तृतीय वर्ष के वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने पढ़ाई, कॉलेज जीवन, प्रशिक्षण और करियर से जुड़े सवाल पूछे तथा वरिष्ठ विद्यार्थियों के अनुभवों से उपयोगी जानकारी प्राप्त की। अभिभावकों की भागीदारी भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। ‘अपने बच्चे को जानें’ (Know Your Child-KYC) गतिविधि के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों की रुचियों, पसंद, क्षमताओं और भविष्य की आकांक्षाओं को समझने का अवसर मिला। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद का माहौल बना। कार्यक्रम के दौरान आईआईपीपीटी ने सेटपा इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड तथा गुरु कृपा इमेजेस प्राइवेट लिमिटेड के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ना, व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और उनके लिए बेहतर करियर अवसर तैयार करना है। संस्थान के अध्यक्ष संजय सुदन ने विद्यार्थियों को नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमशीलता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन सकते हैं। विद्यार्थियों में उद्यमशील सोच विकसित करने के उद्देश्य से उन्होंने ‘बिजनेस इक्वेशन लैब’ शुरू करने की घोषणा की। अध्यक्ष योगिता सुदन, सह निदेशक डॉ. कौल, कुलसचिव कुलश्रेष्ठ जी एवं मुख्य नवाचार अधिकारी सुश्री नैना अग्रवाल जी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने शपथ ली।

Spread the love