महाशिवरात्रि पर भव्य सामूहिक रुद्राभिषेक, 350 श्रद्धालुओं ने की सहभागिता

A grand mass Rudrabhishek was performed on Mahashivratri, with 350 devotees participating.

नोएडा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सेक्टर 15A स्थित मधुबन पार्क में पहली बार भव्य सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 350 श्रद्धालुओं ने एक साथ वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भगवान शिव का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया। पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया था। आयोजन समिति द्वारा सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी, जिसके अंतर्गत अभिषेक सामग्री, मंत्रोच्चार एवं पूजन-विधि का समुचित प्रबंध किया गया। महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। रुद्राभिषेक के उपरांत आयोजित भजन-संध्या में श्री गगन राठौर ने शिव-भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भक्तिमय गायन ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। देर तक श्रद्धालु भक्ति-रस में सराबोर होकर भजनों का आनंद लेते रहे।  कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया। अनेक भक्तों ने रात्रि में शिव-नाम का जाप एवं ध्यान कर अपनी आस्था व्यक्त की।

A grand mass Rudrabhishek was performed on Mahashivratri, with 350 devotees participating.

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि सेक्टर 15A में इस प्रकार का सामूहिक रुद्राभिषेक पहली बार आयोजित किया गया है। उन्होंने इसे क्षेत्र में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक जागरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। स्थानीय निवासियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है तथा पारस्परिक सद्भाव को बल मिलता है।

Spread the love