ग्रेटर नोएडा। एस्टर स्कूल ग्रेटर नोएडा के सुरम्य परिसर में शनिवार को वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एस्टर संस्थान समूह के अध्यक्ष डॉ. वी. के. शर्मा थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के अभिनंदन, वंदन एवं स्वागत गान से हुआ। तत्पश्चात् प्राचार्या प्रीति शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को हरित पौध प्रदत्त कर उनका स्वागत किया। तदुपरांत मुख्य अतिथि डॉ. शर्मा ने विद्यालय ध्वज का आरोहण किया तथा छात्रों द्वारा एस्टर गीत गाया गया। कार्यक्रम की श्रृंखला में विद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स एवं विद्यालय बैंड के साथ मार्च पास्ट आकर्षण का केंद्र रहा। खेलोत्सव का प्रारंभ विद्यालय स्पोर्ट्स कैप्टन अर्णव सिंह चौहान एवं आराध्या नागर [कनिष्ठ वर्ग] द्वारा मशाल प्रज्ज्वलन से हुआ। तदुपरांत विद्यालय के उपप्राचार्य जयवीर सिंह डागर ने खेल प्रतिभागियों को खेल प्रतिज्ञा दिलाई गई।

इस अवसर पर छात्रों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियां के लिए विविध पुरस्कार प्रदान किए गए। वर्ष भर सभी क्षेत्रों में उत्तम उपलब्धि हेतु पंडित रूपचंद ट्रॉफी ‘वैभवी सिंह’ को प्रदान की गई तो उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धि हेतु चेयरमैन ट्रॉफी ‘प्रतिष्ठा’ को प्राप्त हुई। 2025 बोर्ड परीक्षा कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में विज्ञान वर्ग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने हेतु श्रेय राय, वाणिज्य वर्ग में वैभवी सिंह तथा कला संवर्ग में श्वेता भाटी को पुरस्कृत किया गया। कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त भव्या झा द्वितीय स्थान अदिति नागर एवं तृतीय स्थान प्राप्त दिव्यांशु राय को भी पुरस्कृत किया गया है। 12वीं बोर्ड परीक्षा में विविध विषयों में 13 छात्रों ने शत प्रतिशत अंक प्राप्त किया तो दसवीं बोर्ड परीक्षा में 36 छात्रों ने विविध विषयों में शत प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया । कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि छात्रों के बहुमुखी एवं चहुंमुखी विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ पाठ्यक्रम सहगामी क्रियाओं एवं खेल के प्रति छात्रों को अभिप्रेरित करना विद्यालय का दायित्व होना चाहिए और एस्टर समूह के विद्यालय इस दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं। भविष्य में ऐसे प्रयास होते रहेंगे ऐसी शुभेच्छा उन्होंने व्यक्त की।
खेलोत्सव का आगाज़ डॉ. शर्मा द्वारा गुब्बारों के समूह को आसमान की ओर उन्मुक्त करने से हुआ। प्री. नर्सरी, नर्सरी, के.जी. के बच्चों द्वारा ड्रिल प्रस्तुत की गई तथा कक्षा तीसरी से लेकर छठी कक्षा के चारों सदनों के मध्य विविध दौड़ [फ़्रागी वैलून ब्लास्ट,हर्डल हैवेक,बैलेंसग्लिज,वैटन रिले रेस] प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम स्थान टैगोरसदन द्वितीय स्थान नेहरू. सदन तथा तृतीय स्थान गाँधी सदन. ने प्राप्त किया। खेल प्रतिभागियों को प्राचार्या एवं अतिथिगण द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, साथ ही साथ वार्षिक गतिविधयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु टैगोर सदन को ट्राफी प्रदान की गई। स्वर्णिम वेला पर प्राचार्या प्रीति शर्मा ने विद्यालय का वार्षिक शैक्षिक पाठ्यक्रम सहगामी क्रियाओं, खेल आदि का विस्तृत विवरण अभिभावकों के सम्मुख विस्तार से प्रस्तुत किया गया। विश्व संस्कृति के नृत्यों से विविधता में एकता के विविध रंगों को पिरोये हुए नौनिहालों द्वारा किये गए अरबी, जापानी एवं अफ्रीकन नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित जन समूह को मंत्र मुग्ध कर दिया।
ग्रैंड फिनाले की अनुपम प्रस्तुति ने सांस्कृतिक कार्यक्रम को सर्वोच्च शिखर पर पहुंचा दिया एवं हर किसी को थिरकने के लिए विवश कर दिया। कार्यक्रम की इस अप्रतिम बेला में संस्थान समूह के निदेशक सिद्धार्थ शर्मा, आशा शर्मा, डॉ. श्रुति शर्मा, श्रीमती वैभव शर्मा, चारू शर्मा तथा संस्थान समूह के शैक्षिक सलाहकार एस.पी. सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उप प्राचार्य जयवीर सिंह डागर द्वारा उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार प्रकटन एवं राष्ट्रगान के समूह गायन से हुआ।






