ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन (आईबीए) ने उद्यमियों, श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है। उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आईबीए ने यथार्थ अस्पताल के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों एवं उद्यमियों को बेहतर, सुलभ एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह पहल किसी भी औद्योगिक संगठन द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में उठाया गया एक सराहनीय एवं अग्रणी कदम है। आईबीए का मानना है कि उद्यम तभी प्रगति करेगा जब कार्यस्थल पर कार्य करने वाले श्रमिक एवं कर्मचारी स्वस्थ एवं सुरक्षित रहेंगे। इस एमओयू के अंतर्गत आने वाले समय में आईबीए एवं यथार्थ अस्पताल संयुक्त रूप से विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन करेंगे, जिससे अधिक से अधिक श्रमिकों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिल सके।
यह पहल Yogi Adityanath के उस विज़न के अनुरूप है, जिसमें कार्यस्थल पर श्रमिकों, कर्मचारियों एवं उद्यमियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया है। इसी क्रम में जिले की जिलाधिकारी द्वारा आगामी 1 मई 2026 को एक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें विभिन्न स्थानों पर, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहाँ श्रमिक एवं लेबर वर्ग निवास करते हैं, व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन भी इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए यथार्थ अस्पताल के साथ मिलकर अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करेगा, जिससे उद्योगों में कार्यरत सभी वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष श्री अमित उपाध्याय जी सहित संस्था के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही Yatharth Hospital से आए वरिष्ठ चिकित्सकगण एवं उनकी मार्केटिंग टीम की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन औद्योगिक समस्याओं के समाधान के साथ-साथ अपनी सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु भी सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में कार्य करता रहेगा। इस अवसर पर सचिव सुनील दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष खुशबू सिंह सहति यथार्थ अस्पताल के प्रतनिधि मौजूद रहे।






