ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आज लखनऊ में आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम में मेट्रो यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा को प्राधिकार पत्र (Letter of Establishment) प्रदान किया गया। यह प्राधिकार पत्र माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. योगेंद्र उपाध्याय एवं प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा महेंद्र प्रताप अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया। मेट्रो यूनिवर्सिटी को उत्तर प्रदेश की 53वीं निजी विश्वविद्यालय के रूप में मान्यता प्राप्त हुई है, जो राज्य में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर मेट्रो ग्रुप की ओर से डॉ. सोनिया लाल गुप्ता (मैनेजिंग डायरेक्टर), डॉ. समीर गुप्ता (डायरेक्टर) एवं डॉ. राजेश पाठक (प्रेसिडेंट, Metro University) ने प्राधिकार पत्र प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. सोनिया लाल गुप्ता एवं डॉ. समीर गुप्ता लखनऊ पहुंचने पर डॉ. पाठक ने उनका पुष्प गुच्छ से स्वागत किया। डॉ. सोनिया और डॉ. समीर गुप्ता ने बताया कि मेट्रो ग्रुप ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समर्पण, उत्कृष्टता और सेवा की जो सुदृढ़ परंपरा स्थापित की है, उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए मेट्रो यूनिवर्सिटी शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता एवं नवाचार के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि मेट्रो हॉस्पिटल्स ने सदैव जनसेवा और किफायती उपचार के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट डॉ. राजेश पाठक ने कहा कि मेट्रो ग्रुप के चेयरमैन डॉ. (प्रो.) पुरशोतम लाल, जो पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं डॉ. बी. सी. रॉय राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हैं, के मार्गदर्शन में मेट्रो यूनिवर्सिटी को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में अनुसंधान (Research) और नवाचार (Innovation) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि देश एवं समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समाधान विकसित किए जा सकें। मेट्रो यूनिवर्सिटी का उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान एवं उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है।






