प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीपीएस, नॉलेज पार्क 5 के बच्चों से बंधवाई अनोखी राखी, उनके द्वारा एआई (AI) एवं पर्यावरण के क्षेत्र में की जा रही पहलों की सराहना की

Prime Minister Narendra Modi gets a unique Rakhi tied by the children of DPS, Knowledge Park 5, and appreciates their initiatives in the field of AI and environment.

प्राकृतिक राखी लेकर प्रधानमंत्री से मिले दिल्ली पब्लिक स्कूल, केपी-V के विद्यार्थी

रक्षाबंधन पर नन्हे हाथों ने बुनी प्रेम, प्रकृति और राष्ट्रप्रेम की अनूठी डोर

ग्रेटर नोएडा,28 अगस्त। रक्षाबंधन का पर्व दिल्ली पब्लिक स्कूल, केपी-पांच  के विद्यार्थियों के लिए उस समय गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय बन गया, जब उन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट करने तथा उन्हें अपने हाथों से तैयार की गई प्राकृतिक एवं पर्यावरण-अनुकूल राखी भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 10 की आद्या श्रीवास्तव एवं अविका राठौर, कक्षा 5 की नम्या सिंह तथा कक्षा 4 की आरना कौल शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने पर्यावरण, एआई, अंतरिक्ष युवा शक्ति संबंधित रखियाँ प्रधानमंत्री को भेंट कर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया। प्राकृतिक राखी के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि हमारी परंपराएँ केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज, प्रकृति और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी को राखी बाँधते हुए छात्राओं ने एआई का विवेकपूर्ण और जिम्मेदारी से उपयोग करने का संकल्प लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ देते हुए कामना की कि वर्ष 2047 तक भारत को विश्व की अग्रणी अंतरिक्ष शक्तियों में से एक बनाने का उनका सपना, तथा ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ के उनके विज़न को साकार करने का संकल्प जल्द ही पूरा हो। बच्चों ने प्रधानमंत्री को एक कविता भी समर्पित की, जिसमें उनके 24 वर्षों के अनुकरणीय नेतृत्व को रेखांकित किया गया। कविता में उनके डिजिटल भारत के विज़न, जिसमें यूपीआई जैसी डिजिटल पहल, अंतरिक्ष क्षेत्र में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना तथा नागरिक और सैन्य बुनियादी ढाँचे को मजबूत करना शामिल है, का उल्लेख किया गया।

प्रधानमंत्री से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘एआई फॉर ऑल’ जैसी उनकी पहलों को लागू करने के लिए स्कूल की प्रतिबद्धता की सराहना की।  छात्राओं ने प्रधानमंत्री जी को युवाशक्ति को सशक्त बनाने के लिए ‘पीएम ई-विद्या’ और ‘दीक्षा पोर्टल’ जैसी उनकी पहलों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने ‘परीक्षा पे चर्चा’ के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और उन्हें प्रेरित करने के लिए भी प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री को अपने हाथों से तैयार राखी भेंट करना विद्यार्थियों के लिए गर्व, प्रेरणा और उत्साह से भरा यादगार अनुभव रहा। इस विशेष मुलाकात ने न केवल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाया, बल्कि उनके भीतर देश के प्रति जिम्मेदारी, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान की।

विद्यालय की प्राचार्या मंजू वर्मा ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “हमारे विद्यार्थियों की यह पहल हमारी परंपराओं, प्रकृति और राष्ट्र के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाती है। हमें गर्व है कि वे अपनी रचनात्मकता से समाज को सकारात्मक संदेश दे रहे हैं और आत्मविश्वास, नेतृत्व व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित कर रहे हैं।

Spread the love
RELATED ARTICLES
Most Viewed