-भजन कीर्तन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन
ग्रेटर नोएडा। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) सेक्टर-जीटा-एक ग्रेटर नोएडा में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन 3, 4 एवं 5 सितंबर 2026 को किया जा रहा है। महोत्सव का आयोजन इस्कॉन मंदिर, आ-49, ज़ीटा-1, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव के दौरान भगवान श्री राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार एवं दर्शन, अखंड हरिनाम संकीर्तन, श्रीमद्भागवत कथा एवं आध्यात्मिक प्रवचन, श्रीकृष्ण अभिषेक, भजन-कीर्तन तथा महाआरती जैसे अनेक धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य प्राकट्य उत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके उपरांत महाआरती एवं हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए भगवद्गीता एवं वैदिक साहित्य प्रदर्शनी, प्रसादम फूड कोर्ट तथा महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था भी रहेगी। साथ ही दर्शन, पार्किंग, पेयजल एवं चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। मंदिर के महाप्रबंधक अतुल कृष्ण प्रभु ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। इस दौरान श्री श्री राधा-कृष्ण की विशेष झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। मंदिर की सुंदर सजावट, मनमोहक झांकी एवं आध्यात्मिक वातावरण भक्तों को दिव्य अनुभूति प्रदान करेगा। इस्कॉन ग्रेटर नोएडा की ओर से सभी श्रद्धालुओं, परिवारजनों एवं शहरवासियों से इस पावन महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य उत्सव का आनंद लेने एवं उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया गया है। इस अवसर पर बी.एन. त्रिपाठी गिरिराज दास ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गयी है। सीसीटी कैमरे से नजर तो रखी जाएगी साथ ही स्थानीय पुलिस व वालेंटियर भी कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहेंगे। इस बार स्थानीय स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। तुला दान के साथ गोवर्धन परिक्रमा, 4 सितम्बर को प्राकट्य उत्सव के दौरान भगवान का अभिषेक व रात 12 बजे महाआरती किया जाएगा।






