ग्रेटर नोएडा। सेंट जोसेफ विद्यालय, सेक्टर अल्फा वन में आयोजित दो दिवसीय शैक्षणिक प्रदर्शनी के दूसरे दिन कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता का अवलोकन किया। अभिभावकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यशील मॉडलों और प्रदर्शों की सराहना करते हुए इसे बच्चों के चहुंमुखी विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। शनिवार को कक्षा छह से 12वीं तक के लगभग सभी अभिभावक विद्यालय पहुंचे। इसी दिन इन कक्षाओं के प्रथम सत्रीय परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए। अभिभावकों ने प्रदर्शनी में विद्यार्थियों से उनके प्रोजेक्ट और संबंधित विषयों को लेकर सवाल पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया। प्रदर्शनी की खासियत यह रही कि अधिकांश मॉडल केवल सजावटी पुतलों के रूप में नहीं थे, बल्कि कार्यशील थे। यही वजह रही कि उन्होंने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी में कला के तहत हस्तकला, शिल्पकला और उनके अनुप्रयोग प्रस्तुत किए गए। सामाजिक विज्ञान में प्राचीन काल से वर्तमान तक समाज, विभिन्न शासकों और समय के साथ हुए बदलावों को प्रदर्शित किया गया।

अंग्रेजी विषय में अंग्रेजी साहित्य के इतिहास, जबकि हिंदी में आदिकाल से वर्तमान काल तक की साहित्यिक यात्रा, प्रमुख कवि-लेखकों और उनकी रचनाओं की जानकारी दी गई। गणित के मॉडलों में आधारभूत अवधारणाओं और उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों को समझाया गया। विज्ञान के तहत भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की मूलभूत जानकारी से लेकर आधुनिक विकास और उनके अनुप्रयोगों को प्रदर्शित किया गया।
कंप्यूटर विज्ञान में रोबोटिक्स, कंप्यूटर के विभिन्न अनुप्रयोगों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कार्यप्रणाली को मॉडल के माध्यम से समझाया गया। वाणिज्य एवं बहीखाता विषय में विद्यार्थियों ने इसके व्यावहारिक महत्व को दर्शाया। अर्थशास्त्र में मूलभूत आर्थिक अवधारणाओं से लेकर शेयर बाजार और देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए आवश्यक औद्योगिक दक्षताओं को प्रदर्शित किया गया।

विद्यालय परिसर के 20 से 22 कमरों के अलावा प्रार्थना सभा परिसर और खुले मैदान तक फैली इस प्रदर्शनी में अधिकतर मॉडल कार्यशील थे। विद्यार्थियों ने कम खर्च में उपलब्ध सामग्री और कबाड़ से उपयोगी मॉडल तैयार कर ‘कबाड़ से जुगाड़’ की अवधारणा को भी साकार किया।


प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने दोनों दिन विद्यार्थियों और प्रदर्शनी से जुड़े सभी सदस्यों के जलपान एवं खानपान की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी की सफलता सभी के कठिन परिश्रम, समर्पण और एकजुटता का परिणाम है। यही सेंट जोसेफ परिवार की शक्ति है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में हम रह रहे हैं, वहां भी हर तरह के भेदभाव को मिटाकर इसी प्रकार की एकजुटता की आवश्यकता है। प्रधानाचार्य ने प्रदर्शनी की सफलता पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय के सभी सदस्यों को बधाई दी।






