जनहित इंस्टिट्यूट ऑफ़ एजुकेशन एंड इनफार्मेशन, ग्रेटर नॉएडा में दो दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर

Two-day Scout-Guide camp at Janhit Institute of Education and Information, Greater Noida

ग्रेटर नोएडा,17 फरवरी(देशबन्धु)। जनहित इंस्टिट्यूट ऑफ़ एजुकेशन एंड इनफार्मेशन, ग्रेटर नॉएडा में दो दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर का शुभारंभ बी. एड. एवं डीएलएड के छात्र-छात्राओं द्वारा बड़े उत्साह एवं अनुशासन के साथ हिंदुस्तान स्काउट्स एण्ड गाइड उत्तरप्रदेश के राज्य सचिव डा. मनोज कुमार सिन्धी के निर्देशन में किया गया। शिविर की थीम “राष्ट्रीय एकता” तथा शिविर का मोटो “बी पाज़िटिव डॉन्ट बी नेगटिव” था जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का विकास करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डा. एस.ए. खान द्वारा स्काउट गाइड के ध्वजारोहण के साथ किया गया। कैम्प के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा तंबू निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साहसिक क्रियाकलापों एवं पाकविदा द्वारा बनाए गए व्यंजनों का प्रस्तुतीकरण किया गया। छात्र-छात्राओं की प्रतिभा का आकलन करने हेतु निर्णायक मण्डल की अध्यक्षता जनहित कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य डा. सुरेन्द्र नाथ यादव एवं उप-प्राचार्या डा. दीप्ति दुबे द्वारा की गई। निर्णायक मण्डल के निर्णय अनुसार राजस्थान टोली प्रथम, महराष्ट्र टोली द्वितीय तथा हरियाणा टोली तृतीय स्थान पर रही। बेस्ट स्काउट का पुरस्कार मनीष और बेस्ट गाइड का पुरस्कार तनु को दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डा. एस. ए. खान ने अपने संबोधन में स्काउट गाइड के ध्येय वाक्य, अनुशासन, चरित्र निर्माण एवं सेवा भावना के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को शिविर के दौरान पूर्ण समर्पण के साथ सहभागिता करने हेतु प्रेरित किया। विजेता टोलियों के सभी सदस्यों को हिंदुस्तान स्काउट/गाइड की ओर से स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डा० मनोज कुमार सिन्धी द्वारा महाविद्यालय के प्राचार्य डा० एस० ए० खान को राज्य मुख्यालय की ओर से प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में डा० डॉली उपाध्याय,  संयोगिता यादव, डा० इजमाल अहमद, प्रीति सिंह का विशेष योगदान रहा। डॉ० राकेश कुमार, रुबीना ज़ैदी, प्रतिभा शर्मा, प्रमोद मिश्रा, श्रीमती सुमन सुहाग, पुष्पेश पटेल, प्रीती पतंजलि, अंजनी चतुर्वेदी, वंदना सूर्यवंशी, सुरेंद्र कुमार, हेमंत कुमार, जीतेन्द्र, नीलम शर्मा, द्वारा व्यवस्था बनाने में सहयोग प्रदान किया।

Spread the love