ग्रेटर नोएडा। टेकजोन-4 स्थित फ्यूजन होम सोसाइटी के निवासियों द्वारा लंबे समय से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर की गई पहल अब रंग लाने लगी है। सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर से मुलाकात कर पानी, सफाई, सड़क और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं से जुड़ी परेशानियों से अवगत कराया था। निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तत्परता दिखाते हुए ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण को औपचारिक पत्र लिखकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक के इस हस्तक्षेप के बाद प्राधिकरण हरकत में आया और सोसाइटी में जरूरी कार्यों की शुरुआत कर दी गई है, जिससे निवासियों में राहत और संतोष का माहौल है। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि लंबे समय से वे इन समस्याओं से जूझ रहे थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। ऐसे में विधायक द्वारा त्वरित पहल किए जाने से उन्हें उम्मीद की किरण दिखाई दी है।

निवासियों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का यही दायित्व होता है कि वह जनता की समस्याओं को समझकर उनका समाधान कराए। इस मौके पर अरुण अवस्थी, अशोक गुप्ता, पुरुषोत्तम सिंह, सुशील ठाकुर, धीरज सिंह, संतोष मौर्य, संजीव शुक्ला, दीपक गोयल, श्याम पाण्डेय, संजू कुमार, रोहित गुप्ता, सुनील परिहार, बिपुल सिंह, हरीश अवस्थी, सुनील कपूर, मुकेश कुमार, दिवाकर सिंह सहित अन्य टीम सदस्यों ने भी विधायक का आभार जताया। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण जल्द ही सभी आवश्यक कार्यों को पूर्ण कराएगा, जिससे सोसाइटी में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।






