ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी (GBU), ग्रेटर नोएडा के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग में विद्यार्थियों के लिए टेक्नोलॉजी करियर एवं इंडस्ट्री-रेडीनेस पर केंद्रित एक विशेष शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “टेक्नोलॉजी में करियर के अवसर” तथा “6-सप्ताह का इंडस्ट्री-रेडी समर ट्रेनिंग प्रोग्राम” विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों, उद्योग की अपेक्षाओं और व्यावहारिक कौशल विकास से परिचित कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अमित सहगल, निदेशक, शारदा लॉन्चपैड फेडरेशन, शारदा यूनिवर्सिटी के प्रेरक व्याख्यान से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी परिदृश्य और उभरते करियर अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. सहगल ने विशेष रूप से रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, एम्बेडेड सिस्टम्स एवं IoT, PLC, SCADA एवं इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) टेक्नोलॉजी, उद्यमिता तथा इनोवेशन-ड्रिवन इंडस्ट्रीज में बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर नवाचार, उद्यमशीलता और भविष्य उन्मुख कौशल अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात आर. के. सिंह, संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), Aescom Technology Pvt. Ltd. ने विद्यार्थियों को “6-सप्ताह के इंडस्ट्री-रेडी समर ट्रेनिंग प्रोग्राम” की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अकादमिक शिक्षा और उद्योग की व्यावहारिक आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को लाइव प्रोजेक्ट्स, हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड टेक्निकल कोचिंग के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के प्रमुख क्षेत्रों में रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, एम्बेडेड सिस्टम्स एवं IoT, PLC, SCADA, EV टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, इंडस्ट्री 4.0, CAD, 3D प्रिंटिंग तथा प्रोडक्ट डिज़ाइन शामिल हैं। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन, उद्योग अनुभव और भविष्य के लिए आवश्यक तकनीकी कौशल विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे उद्योग-शिक्षा सहयोग को सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम बताया। इस अवसर पर स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग की डीन डॉ. कीर्ति पाल सहित डॉ. ओमवीर सिंह, डॉ. एम. ए. अंसारी, डॉ. निधि सिंह, डॉ. इंद्रजीत सिंह, डॉ. हरीश चंद ठाकुर, रवि कुमार कश्यप, शिव सागर, ज्योति सिंह, श्रीमति पूर्णिमा, नेहा मिश्रा, रोहित पटेल एवं अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।






