ग्रेटर नोएडा। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, नॉलेज पार्क-III, ग्रेटर नोएडा में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की विवेकानन्द शाखा के सहयोग से एक पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ परिषद के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशक कंचन कुमारी एवं प्रधानाचार्या डॉ. हीमा शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में निदेशक महोदया ने प्रकृति संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि “प्रकृति हमें जीवन के लिए आवश्यक हर चीज़ प्रदान करती है। हमारा भी दायित्व है कि हम उसकी रक्षा, संवर्धन एवं वृक्षारोपण के माध्यम से प्रकृति को उसका प्रतिदान दें।” उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। भारत विकास परिषद की ओर से विवेकानन्द शाखा के अध्यक्ष विवेक अरोरा, सचिव डॉ. निधि माहेश्वरी, कोषाध्यक्ष राजीव जैन, तथा पर्यावरण टोली के राकेश रिखी, निर्मल शर्मा, माया कर्ण, डॉ. हरिओम शर्मा, राशि पाठक एवं रावत ने अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी अतिथियों, विद्यालय के विद्यार्थियों एवं गणमान्यजनों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर हरित, स्वस्थ एवं सतत भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम सामुदायिक सहभागिता एवं अनुभवात्मक शिक्षण के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जागरूक, उत्तरदायी एवं संवेदनशील नागरिक तैयार करने की दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की सतत प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।






