स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन पहुंचे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, आधुनिक सुविधाओं का किया निरीक्षण
-उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्वागत
-करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे स्विस परिसंघ राष्ट्रपति, एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं का लिया जायजा
ग्रेटर नोेडा। स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन मंगलवार को अपने करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर गौतमबुद्धनगर पहुंचे। एयरपोर्ट पहुंचने पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सुनील शर्मा, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा नागरिक उड्डयन विभाग उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार एवं इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद ने उनका पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान अवनी बोर्ड रूम में राष्ट्रपति एवं प्रतिनिधिमंडल के समक्ष एयरपोर्ट से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस दौरान माननीय राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित भी किया। इसके उपरांत राष्ट्रपति, उनकी पत्नी एवं प्रतिनिधिमंडल में शामिल चयनित अधिकारियों ने एयरसाइड तथा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टॉवर का निरीक्षण किया। वहीं प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने टर्मिनल, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट्स, एप्रन तथा बैगेज रिक्लेम सहित एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। निर्धारित कार्यक्रम के उपरांत प्रतिनिधिमंडल दोपहर करीब 02 बजे एयरपोर्ट से रवाना हुआ। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है, जो स्विस परिसंघ की ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। राष्ट्रपति ने एयरपोर्ट की आधुनिक यात्री सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति के साथ आए करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में उनकी पत्नी, स्विस राजदूत, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राज्य सचिव तथा उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल रहे। इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दौरा दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग की संभावनाओं की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, एनआईए के सीईओ क्रिस्टोफ सैल्मन, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर किरण जैन, सहित प्रशासन, प्राधिकरण तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहें।






