ग्रेटर नोएडा। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (Department of Empowerment of Persons with Disabilities – DEPwD) की पहल पर चल रही कौशल विकास परियोजना के तहत ब्रिटिश कोलंबिया कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट (BCCM) और परमार्थम संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया गया। यह ड्राइव बीसीसीएम द्वारा संचालित रेज़िडेंशियल तीन माह के सफल प्रशिक्षण कार्यक्रम के पूर्ण होने के उपरांत आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से सक्षम (Divyang) युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें सम्मानजनक रोजगार से जोड़ना था। छात्रों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से सभी अतिथियों का दिल जीत लिया। शॉपर्स स्टॉप, पैंटालून्स और रेडिसन ब्लू जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर इंटरव्यू लिए।

प्रतिनिधियों ने कहा कि सही प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से ये युवा समाज में नई मिसाल कायम कर सकते हैं। बीसीसीएम की ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के अनुसार, इस ड्राइव के माध्यम से 28 छात्रों का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ। ऐसे आयोजन उद्योग जगत और विशेष बच्चों के बीच समावेशी सेतु का कार्य करते हैं। मुख्य अतिथि एवं ज़ूकोल ग्रुप के चेयरमैन श्री अंकुश ताम्बी ने कहा— “इन बच्चों की लगन और जज़्बा प्रेरणादायक है। सच्ची इच्छा शक्ति के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती।” इस अवसर पर सौरभ दाधीच, महेंद्र सिंह (एरिया एचआर डायरेक्टर, रेडिसन ब्लू), विकास गुप्ता (डायरेक्टर – लर्निंग एंड डेवलपमेंट, रेडिसन ब्लू), श्री संजय झा (प्रोजेक्ट मैनेजर, DEPwD स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट) एवं मेजर आरती तिवारी (डायरेक्टर – एडमिनिस्ट्रेशन, बीसीसीएम) सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। समापन उद्बोधन में मेजर आरती तिवारी ने कहा— “बीसीसीएम का लक्ष्य अगले दो वर्षों में 2000 विशेष बच्चों को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना है। हमारा मिशन है—हर विशेष बच्चा आत्मनिर्भर बने और समाज की मुख्यधारा में गर्व से खड़ा हो।” बीसीसीएम प्रबंधन ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि कॉलेज आगे भी स्किल डेवलपमेंट और एम्प्लॉयमेंट इनक्लूजन के क्षेत्र में ऐसे प्रेरक प्रयास जारी रखेगा।






