वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने जुलाई 2026 में एक माह के भीतर 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर नया इतिहास रच दिया है। यह बरेका के इतिहास का अब तक का सर्वाधिक मासिक उत्पादन है। इससे पहले मार्च 2025 में 61 इंजनों के निर्माण का रिकॉर्ड था, जिसे इस बार पीछे छोड़ दिया गया।
जुलाई में बरेका ने भारतीय रेल के लिए 44 डब्ल्यूएजी-9एचसी मालवाहक, 13 डब्ल्यूएपी-7 यात्री और 8 अमृत भारत विद्युत रेल इंजनों का निर्माण किया। स्थापना से अब तक बरेका 11,445 रेल इंजन बना चुका है, जिनमें 3,109 विद्युत इंजन शामिल हैं। बरेका ने “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” के तहत अब तक 11 देशों को 182 रेल इंजनों का निर्यात भी किया है। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि टीम के समर्पण और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति के बल पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के 468 विद्युत इंजनों के उत्पादन लक्ष्य को भी समय से पहले पूरा किया जाएगा। यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, आत्मनिर्भर भारत अभियान और भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में बरेका की मजबूत भूमिका को रेखांकित करती है।
बरेका ने एक माह में बनाया नया रिकॉर्ड, जुलाई में 65 विद्युत रेल इंजनों का किया निर्माण






