हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव 5.0, पेस्ट्री क्वीन इंडिया, स्पिरिट्ज़ बार क्राफ्ट चैलेंज और उत्तर प्रदेश का ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन’ पवेलियन बने मुख्य आकर्षण
ग्रेटर नोएडा,08 अगस्त। इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (आईएचई 2026) के 9वें संस्करण के दूसरे दिन इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होटल उद्योग, रेस्टोरेंट, रिसॉर्ट, प्रोक्योरमेंट, आर्किटेक्चर, इंटीरियर डिज़ाइन, फूड सर्विस तथा हॉस्पिटैलिटी से जुड़े हजारों पेशेवरों ने भाग लेकर प्रदर्शनी को जीवंत बना दिया। इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड द्वारा आयोजित यह आयोजन आज केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नवाचार, ज्ञान-विनिमय, नेटवर्किंग और व्यावसायिक अवसरों का प्रमुख मंच बन चुका है। इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार, चेयरमैन, इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड ने कहा कि आज हॉस्पिटैलिटी उद्योग का भविष्य केवल आधारभूत संरचना और निवेश से नहीं, बल्कि नवाचार, सहयोग और निरंतर सीखने की संस्कृति से तय हो रहा है। IHE ऐसा मंच बन चुका है जहाँ होटल उद्योग, प्रोक्योरमेंट विशेषज्ञ, शेफ, डिज़ाइनर, तकनीकी समाधान प्रदाता और उद्योग से जुड़े सभी हितधारक एक साथ आकर विचारों का आदान-प्रदान करते हैं, नई साझेदारियाँ विकसित करते हैं और ऐसे समाधान खोजते हैं जो आने वाले समय में हॉस्पिटैलिटी उद्योग की दिशा निर्धारित करेंगे।”

दूसरे दिन का प्रमुख आकर्षण प्रोफेशनल हाउसकीपर्स एसोसिएशन (PHA) द्वारा YUVA के सहयोग से आयोजित हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव 5.0 रहा। PHA भारत की अग्रणी पेशेवर संस्थाओं में से एक है, जो होटल, स्वास्थ्य सेवा, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य हॉस्पिटैलिटी प्रतिष्ठानों में हाउसकीपिंग पेशेवरों के कौशल विकास, परिचालन उत्कृष्टता, स्वच्छता मानकों, सतत विकास और पेशेवर पहचान को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। कॉन्क्लेव के दौरान विशेषज्ञों ने पैनल डिस्कशन के माध्यम से हाउसकीपिंग क्षेत्र की बदलती चुनौतियों एवं अवसरों पर विचार साझा किए, जबकि इंटरएक्टिव टीम-बिल्डिंग सेशन ने प्रतिभागियों को नेतृत्व, समन्वय और टीमवर्क की व्यवहारिक समझ प्रदान की। कार्यक्रम का समापन अवार्ड्स फेलिसिटेशन समारोह के साथ हुआ, जिसमें हाउसकीपिंग एवं फैसिलिटी मैनेजमेंट क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पेशेवरों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अनिल मल्होत्रा, प्रेसिडेंट, HOTREMAI ने कहा, “हर उत्कृष्ट अतिथि अनुभव के पीछे एक मजबूत और दक्ष संचालन प्रणाली होती है, जिसमें हाउसकीपिंग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। IHE जैसे मंच पेशेवरों को एक-दूसरे से सीखने, वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने और ऐसी नई तकनीकों एवं प्रक्रियाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं, जो कार्यक्षमता, गुणवत्ता और स्थायित्व को नई ऊँचाइयों तक ले जाती हैं। हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव इस महत्वपूर्ण पेशे के बढ़ते महत्व और भारतीय हॉस्पिटैलिटी उद्योग में उसके अमूल्य योगदान का सशक्त उदाहरण है।”

दूसरे दिन प्रदर्शनी का एक प्रमुख आकर्षण ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC)’ पवेलियन रहा, जिसे उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से विकसित किया गया है। यह पवेलियन उत्तर प्रदेश की समृद्ध पाक विरासत और विविध व्यंजनों का जीवंत परिचय प्रस्तुत कर रहा है। यहाँ आगंतुकों को कन्नौज के गट्टे, कुशीनगर का लाल खोरमा, फिरोजाबाद की दालमोठ, आगरा का पेठा सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पारंपरिक स्वादों का अनुभव करने का अवसर मिल रहा है। यह पहल न केवल उत्तर प्रदेश की विशिष्ट खाद्य संस्कृति और पाक परंपराओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रही है, बल्कि स्थानीय खाद्य उद्यमों, सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों तथा फूड टूरिज्म को भी नई पहचान और व्यावसायिक अवसर उपलब्ध करा रही है। होटल, रेस्तरां और फूड सर्विस उद्योग से जुड़े खरीदारों एवं पेशेवरों ने इस पवेलियन में विशेष रुचि दिखाई।
इसी उत्साह के बीच ‘पेस्ट्री क्वीन इंडिया 2026’ के पाँचवें संस्करण ने युवा पेस्ट्री शेफ्स की रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और कलात्मक प्रस्तुति का अद्भुत प्रदर्शन किया। प्रतियोगियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कौशल का परिचय देते हुए विश्वस्तरीय पेस्ट्री एवं डेज़र्ट तैयार किए, जिन्हें विशेषज्ञ निर्णायकों और दर्शकों ने खूब सराहा।
बेवरेज सेक्टर में नवाचार और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन ‘स्पिरिट्ज़ बार क्राफ्ट चैलेंज (रूकीज़)’ में देखने को मिला। प्रतियोगिता में युवा मिक्सोलॉजिस्ट्स ने अपने कौशल, प्रस्तुति और आधुनिक पेय अवधारणाओं के माध्यम से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। इस प्रतियोगिता ने भारतीय मिक्सोलॉजी उद्योग में उभरती नई प्रतिभाओं और बदलते उपभोक्ता रुझानों की झलक प्रस्तुत की।

खानपान प्रेमियों और हॉस्पिटैलिटी पेशेवरों के लिए दिन का एक अन्य आकर्षण रहा मास्टरशेफ शिप्रा खन्ना द्वारा आयोजित विशेष कुलिनरी मास्टरक्लास। उन्होंने आधुनिक पाक-कला, वैश्विक फ्लेवर, रचनात्मक प्रस्तुति और व्यावसायिक दृष्टिकोण से सफल मेन्यू तैयार करने के गुर साझा किए। इस इंटरैक्टिव सत्र में बड़ी संख्या में शेफ, होटल व्यवसायी, और पाक-कला के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
नवाचार को नई दिशा देते हुए ‘स्ट्रीट फूड डेज़र्ट विद इनोवेटिव पैकेजिंग’ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने भारत के लोकप्रिय स्ट्रीट फूड फ्लेवर को आधुनिक डेज़र्ट में रूपांतरित करते हुए आकर्षक, टिकाऊ और बाज़ारोन्मुख पैकेजिंग अवधारणाओं के साथ प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता ने यह प्रदर्शित किया कि किस प्रकार पारंपरिक भारतीय स्वादों को नवाचार और आधुनिक प्रस्तुति के माध्यम से वैश्विक बाज़ार के अनुरूप विकसित किया जा सकता है।
इस अवसर पर निर्मल खंडेलवाल, चेयरमैन, FCML Distributors Ltd. ने कहा, “आज हॉस्पिटैलिटी उद्योग में केवल उत्कृष्ट सेवाएँ ही नहीं, बल्कि आकर्षक डिज़ाइन, गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। होटल, रेस्तरां, रिसॉर्ट और प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी स्पेस अब ऐसे समग्र समाधानों की अपेक्षा करते हैं, जो सौंदर्य, कार्यक्षमता और गुणवत्ता का संतुलन प्रस्तुत करें। IHE एक ऐसा प्रभावशाली मंच बन चुका है, जहाँ पेशेवरों को केवल उत्पाद नहीं, बल्कि भविष्य की हॉस्पिटैलिटी आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान और नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त होते हैं।”






