लॉयड में ‘आइडियाथॉन 2.0’ में 135 टीमों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का किया प्रदर्शन

Over 400 students from 135 teams showcase their talent at 'Ideathon 2.0' at Lloyd

ग्रेटर नोएडा। लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, ग्रेटर नोएडा में लॉयड टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस इनक्यूबेटर फाउंडेशन द्वारा एजीस्ली डॉट एआई के सहयोग से दो दिवसीय ‘आइडियाथॉन 2.0’ का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 135 टीमों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने नवाचारी विचारों, तकनीकी कौशल तथा रचनात्मक सोच के माध्यम से विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में टीम 93 ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹11,000 का नकद पुरस्कार अपने नाम किया। इस टीम में रोहन, हर्षिता और सार्थक शामिल रहे। टीम 59 ने द्वितीय स्थान हासिल कर ₹5,100 का पुरस्कार जीता, जबकि टीम 24 ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹3,100 का नकद पुरस्कार हासिल किया। टीम 59 में शुभम स्वामी, सार्थक तोमर और सार्थक चौरसिया तथा टीम 24 में देवऋषि यादव, आयुष द्विवेदी और अकल्प मिश्रा शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. एस. पी. द्विवेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नवाचार, तकनीकी विकास और उद्यमशीलता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक परियोजनाओं एवं स्टार्टअप में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने तथा उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. कुमुद सक्सेना ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समन्वय एवं आयोजन कन्वीनर डॉ. शुभम शर्मा, प्रो. इरफान खान और प्रो. रवि कालरा के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन टीम के समन्वित प्रयासों से विद्यार्थियों को अपने विचार प्रस्तुत करने, टीमवर्क की भावना विकसित करने तथा तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर एवं चीफ प्रॉक्टर डॉ. सुधांशु शर्मा की उपस्थिति भी रही।

Spread the love